राष्ट्रवादी नौजवान सभा की पहली बैठक सम्पन्न, युवाओं ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प भगत सिंह के विचारों को आधार बनाकर सामाजिक न्याय, शिक्...
राष्ट्रवादी नौजवान सभा की पहली बैठक सम्पन्न, युवाओं ने लिया राष्ट्र निर्माण का संकल्प
भगत सिंह के विचारों को आधार बनाकर सामाजिक न्याय, शिक्षा और देशभक्ति पर चर्चा
तामीर हसन शीबू
जौनपुर। राष्ट्रवादी नौजवान सभा की प्रथम बैठक शनिवार को लाइनबाजार स्थित जिला पंचायत के डाक बंगले में आयोजित हुई। बैठक का आयोजन राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन सिंह के निर्देशन में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया और देशहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन सिंह ने कहा कि "देश के प्रति समर्पित युवा ही हमारे राष्ट्र की असली नींव हैं, जिनकी भूमिका मजबूत और समरस भारत के निर्माण में सबसे अहम है।"
सभा के प्रबंधक प्रमोद शुक्ला ने आम जनमानस के हित में शिक्षा व चिकित्सा की सुलभता को सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी बताया। वहीं जिला संरक्षक अशोक सिंह (सेउर) ने युवाओं को कौशल विकास, सामाजिक सेवा और नवाचार के क्षेत्र में अधिक सक्रिय होने की अपील की।
बैठक का मुख्य फोकस भगत सिंह के क्रांतिकारी विचारों पर रहा। वक्ताओं ने कहा कि उनके विचार आज भी युवाओं को देशभक्ति, सामाजिक समानता और न्याय के लिए प्रेरित करते हैं।
जिलाध्यक्ष साजन शर्मा ने कहा कि "भगत सिंह का जीवन आज भी प्रेरणा का स्रोत है। हमारा उद्देश्य उनके बलिदान को स्मरण रखते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना है।"
बैठक के दौरान युवाओं ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता, राष्ट्रहित में कार्य और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने जैसे ठोस कदम उठाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने भगत सिंह के लेखों और विचारों का उल्लेख करते हुए युवाओं से आंदोलनात्मक सोच के साथ रचनात्मक कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन अशोक सिंह ने किया।
अंत में कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दो मिनट का मौन रखा गया।
बैठक में प्रमुख रूप से पुष्पेंद्र सिंह, डॉ. अब्बासी, रमेश बिंद, पिंटू चौहान, उत्कर्ष सिंह, राजू यादव, नितेश कन्नौजिया सहित अनेक युवा शामिल रहे।
COMMENTS