बढ़ते जनअसंतोष के बीच कांग्रेस की पदयात्रा की तैयारी, जनांदोलन की रूपरेखा तैयार तामीर हसन शीबू जौनपुर । जिले में जनहित के मुद्दों को लेकर का...
बढ़ते जनअसंतोष के बीच कांग्रेस की पदयात्रा की तैयारी, जनांदोलन की रूपरेखा तैयार
तामीर हसन शीबू
जौनपुर। जिले में जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने बड़ा जनांदोलन खड़ा करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। शनिवार को जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित कार्यकर्ता बैठक में पूर्व विधायक नदीम जावेद ने कहा कि जिले के भाजपा नेतृत्व की उदासीनता और अधिकारियों की गैर-जिम्मेदाराना रवैए से जनता में असंतोष साफ झलक रहा है।
उन्होंने कहा कि छात्र, नौजवान, किसान और आम आदमी को इस आंदोलन से जोड़ा जाएगा और इसे पदयात्रा के रूप में अंतिम रूप दिया जाएगा। नदीम जावेद ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में अराजकता चरम पर है, लूट, हत्या, डकैती और महिलाओं के उत्पीड़न जैसे संगीन अपराध उत्तर प्रदेश की पहचान बनते जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जौनपुर भी इन अपराधों से अछूता नहीं है। आए दिन छिनैती और महिलाओं के साथ अत्याचार की घटनाएं चिंता का विषय हैं, जो जिला प्रशासन की विफलता को उजागर करती हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होते हैं और यही कार्यकर्ता अब जनता के मुद्दों को लेकर बड़ा आंदोलन खड़ा करने के लिए तैयार हैं।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रवक्ता संजीव सिंह ने कहा कि प्रदेश में भय, भूख और भ्रष्टाचार का माहौल है। योगी सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है और जनता का विश्वास अब कांग्रेस की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी से आए दर्जनों लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है, जो इस विश्वास का प्रमाण है।
संजीव सिंह ने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस न केवल जिले और प्रदेश में, बल्कि देश में भी एक मज़बूत विकल्प के रूप में उभरेगी।
COMMENTS