एमएस अर्थ एसोसिएट ने आरोपों को बताया निराधार, जांच में पूरा सहयोग देने का दावा तामीर हसन शीबू जौनपुर। नगर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र अंतर्...
एमएस अर्थ एसोसिएट ने आरोपों को बताया निराधार, जांच में पूरा सहयोग देने का दावा
तामीर हसन शीबू
जौनपुर। नगर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत संचालित एमएस अर्थ एसोसिएट नामक कंपनी पर लगाए जा रहे आरोपों को कंपनी प्रबंधन ने निराधार और भ्रामक बताया है। कंपनी का कहना है कि वह पूरी तरह कानूनी दायरे में रहकर कार्य कर रही है और किसी भी प्रकार की ठगी या धोखाधड़ी में लिप्त नहीं है।
कंपनी प्रबंधन के अनुसार एमएस अर्थ एसोसिएट, आरएचआई प्राइवेट नेटवर्किंग कंपनी की अधिकृत फ्रेंचाइजी के रूप में कार्य कर रही है, जहां युवाओं को नेटवर्किंग, मार्केटिंग और स्किल डेवलपमेंट से जुड़ी ट्रेनिंग दी जाती है। इसमें प्रतिभागियों को कार्य की प्रकृति, संभावनाओं और नियमों की जानकारी पहले ही दी जाती है।
हाल ही में कुछ युवाओं द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कंपनी के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि ट्रेनिंग, सेमिनार और आवास-भोजन से जुड़ी राशि पूर्व सूचना और सहमति के आधार पर ली जाती है।किसी को भी जबरन नेटवर्किंग या अन्य लोगों को जोड़ने के लिए बाध्य नहीं किया जाता।
आय या प्रोत्साहन से जुड़ी सभी जानकारियां कंपनी की पॉलिसी के अनुसार स्पष्ट रूप से बताई जाती हैं।
कंपनी का कहना है कि कुछ लोग नेटवर्किंग मॉडल की कार्यप्रणाली को पूरी तरह समझे बिना जुड़ जाते हैं और अपेक्षा के अनुरूप परिणाम न मिलने पर गलतफहमी के चलते आरोप लगा देते हैं।
एमएस अर्थ एसोसिएट प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया कि इससे पूर्व भी कंपनी के विरुद्ध एक मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसकी जांच के बाद संबंधित मामले में कंपनी को क्लीन चिट दी जा चुकी है। प्रबंधन का कहना है कि यह तथ्य कंपनी की पारदर्शिता और वैध कार्यप्रणाली को दर्शाता है।कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि वह पुलिस और प्रशासन की वर्तमान जांच में भी पूरा सहयोग कर रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हें स्वीकार किया जाएगा। साथ ही युवाओं से अपील की गई है कि वे किसी भी संस्थान से जुड़ने से पहले उसकी कार्यप्रणाली, नियम व शर्तों को भली-भांति समझें।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार मामला जांच के अधीन है और जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा।

COMMENTS