जौनपुर में फर्जी प्रमाणपत्र गिरोह का भंडाफोड़, 5 अंतर्राज्यीय युवक गिरफ्तार जौनपुर। जौनपुर पुलिस ने जन्म प्रमाणपत्र, आधार कार्ड और अन्य सरक...
जौनपुर में फर्जी प्रमाणपत्र गिरोह का भंडाफोड़, 5 अंतर्राज्यीय युवक गिरफ्तार
जौनपुर।
जौनपुर पुलिस ने जन्म प्रमाणपत्र, आधार कार्ड और अन्य सरकारी दस्तावेजों की जालसाजी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस गिरोह से जुड़े पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक लैपटॉप, मोबाइल फोन और करीब 500 फर्जी प्रमाणपत्र बरामद किए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक आयुष कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पकड़े गए आरोपी कई राज्यों—बिहार, उत्तराखंड, नोएडा, जौनपुर और पश्चिम बंगाल—से जुड़े हैं। इनके नेटवर्क में महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के नाम भी सामने आए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरोह के लोग सरकारी ईमेल आईडी और क्यूआर कोड की मदद से ब्लॉक अधिकारियों के पासवर्ड हैक कर लेते थे। साधारण पासवर्ड पैटर्न “@12345” के आधार पर वे विभागीय लॉगिन तोड़ लेते थे और फिर हूबहू सरकारी प्रारूप में नकली प्रमाणपत्र तैयार करते थे।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी प्रति प्रमाणपत्र 700 से 800 रुपये तक वसूलते थे। जांच में यह भी सामने आया है कि पश्चिम बंगाल की एक महिला का जन्म प्रमाणपत्र महाराष्ट्र से जारी किया गया था, जबकि एक युवक का जन्म प्रमाणपत्र आंध्र प्रदेश से फर्जी तरीके से बनाया गया था।
आरोपियों से बरामद दस्तावेजों में विभिन्न राज्यों के अनेक लोगों के जाली प्रमाणपत्र मिले हैं। गिरोह में आधार सेवा केंद्र से जुड़े कुछ लोगों की भी प्रमुख भूमिका बताई जा रही है, जो तकनीकी सहायता उपलब्ध कराते थे।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा कुछ संदिग्ध प्रमाणपत्रों की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। जांच में जालसाजी की पुष्टि होने पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। जिन-जिन लोगों की इसमें भूमिका पाई जाएगी, उन सभी पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जारी किए गए सभी फर्जी प्रमाणपत्र निरस्त किए जाएंगे।

COMMENTS